बिलासपुर में शिक्षा विभाग शर्मसार: प्राचार्य को गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी
बिलासपुर के मस्तूरी ब्लॉक के शास. हाई स्कूल लोहरसी में व्याख्याता सानुज राम सोनी पर प्राचार्य को गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का सनसनीखेज आरोप। DEO को शिकायत।

बिलासपुर में शिक्षा विभाग शर्मसार: शास. हाई स्कूल लोहरसी (सोन) में प्राचार्य को सरेआम गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी, DEO से शिकायत
प्राचार्य ने जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर को लिखित शिकायत सौंपी, ऑडियो-वीडियो साक्ष्य भी संलग्न, पूरे स्टाफ ने हस्ताक्षर कर कार्रवाई की मांग की
बिलासपुर / मस्तूरी, 27 सितंबर 2026 छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मस्तूरी विकासखंड से शिक्षा जगत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लोहरसी (सोन) के प्राचार्य ने अपने ही विद्यालय के व्याख्याता पर गंभीर अनुशासनहीनता, अभद्रता और धमकीबाजी का सनसनीखेज आरोप लगाया है।
प्राचार्य द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) बिलासपुर को प्रेषित लिखित शिकायत क्रमांक 245/शिकायत/2026-27 दिनांक 24.09.2026 में पूरे घटनाक्रम का उल्लेख किया गया है।

क्या है पूरा मामला? – शिकायत के अनुसार
शिकायत आवेदन के अनुसार, दिनांक 24/09/2026, गुरुवार को सुबह 10:30 बजे प्रार्थना के बाद पूरे स्टाफ के सामने व्याख्याता श्री सानुज राम सोनी द्वारा उपस्थिति को लेकर प्राचार्य के साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
शिकायत में आरोप है कि व्याख्याता ने कहा – “तुमको देख लूंगा, तू मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता, मैं तुम्हें प्राचार्य नहीं मानता हूँ”। प्राचार्य का कहना है कि इस प्रकार की भाषा का प्रयोग उनके द्वारा पहले भी कई बार किया जा चुका है, जिससे कार्यालयीन कार्य और स्कूल का शैक्षणिक माहौल खराब हो रहा है।
C.L. को लेकर दबाव और CAC को धमकी
शिकायत में दूसरा गंभीर आरोप अवकाश को लेकर है। आरोप है कि उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर करने के बाद आरोपी ने प्राचार्य पर दबाव बनाया कि पुरानी आकस्मिक अवकाश (C.L.) के बदले आज का अवकाश दिया जाए और आज की C.L. को पाठ्यंक में अंकित न किया जाए।
सबसे सनसनीखेज आरोप यह है कि जब स्कूल के C.A.C. (संकुल शैक्षणिक समन्वयक) द्वारा इस पूरी घटना का वीडियो बनाया जा रहा था, तो आरोपी ने उनका कॉलर पकड़कर धमकाया और कहा – “तुम गांव वाले हो मैं तुम्हें देख लूंगा, मेरा वीडियो बनाया है उसे डिलीट करो।”
शिकायत में यह भी लिखा है कि जब कोई स्टाफ बीच-बचाव करने आता है तो उसे भी धमकाकर चुप करा दिया जाता है, जिससे भय का माहौल बना हुआ है।
प्राचार्य ने जताई अनहोनी की आशंका, पुलिस को भी सूचना
प्राचार्य ने पत्र में स्पष्ट लिखा है कि भविष्य में आरोपी द्वारा किसी भी प्रकार की शारीरिक हादसे को अंजाम देने का भय बना हुआ है।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राचार्य ने उच्च अधिकारियों से उचित कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के साथ घटनास्थल के ऑडियो-वीडियो क्लिप की सॉफ्ट कॉपी भी संलग्न की गई है।
इस शिकायत की प्रतिलिपि विकासखंड शिक्षा अधिकारी मस्तूरी और थाना पचपेड़ी को भी सूचनार्थ भेजी गई है। विद्यालय के समस्त कर्मचारियों ने हस्ताक्षर कर इस शिकायत का समर्थन किया है।
यह मामला सरकारी स्कूलों में अनुशासनहीनता और प्राचार्यों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
डिस्क्लेमर: यह समाचार प्राचार्य, शास.उच्च.माध्य.वि. लोहरसी (सोन) द्वारा प्रस्तुत लिखित शिकायत क्रमांक 245/2026-27 के आधार पर जनहित में प्रकाशित किया गया है। इसमें लगाए गए सभी आरोप शिकायतकर्ता के कथनानुसार हैं, सत्यता की पुष्टि संबंधित विभागीय जांच के बाद ही होगी।




