Bilaspur Crime News :- बिलासपुर के बिल्हा के गुमा PACS में 3.38 लाख का घोटाला उजागर
बिलासपुर के बिल्हा ब्लॉक के गुमा PACS में 3.38 लाख का घोटाला। चेक में ओवरराइटिंग कर निकाले पैसे, प्राधिकृत अधिकारी की शिकायत पर SP ने FIR के आदेश दिए।

बिलासपुर के बिल्हा ब्लॉक के गुमा PACS में 3.38 लाख का बड़ा घोटाला, चेक पर कलम घुमाकर निकाले पैसे – SP ने दिए FIR के आदेश

बिलासपुर, छत्तीसगढ़ :- बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड की प्राथमिक कृषि साखा सहकारी समिति मर्यादित गुमा में किसानों के पैसों पर बड़ा डाका डालने का मामला सामने आया है। समिति में प्रस्ताव से ज्यादा राशि निकालने के लिए सरकारी चेक में ओवरराइटिंग और कूटरचना कर 3 लाख 38 हजार रुपए का गबन कर लिया गया।
समिति के प्राधिकृत अधिकारी राजकुमार बरगाह ने पूरे मामले की लिखित शिकायत बिलासपुर एसपी रजनेश सिंह से की है। शिकायत को गंभीर मानते हुए एसपी ने थाना बिल्हा को तत्काल FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
कैसे दिया गया घोटाले को अंजाम ?
ऑडिट में बचत खाता क्रमांक 606010098790 की जांच हुई तो खेल खुल गया।
1. चेक क्रमांक 021914 – 15 सितंबर 2025: प्रस्ताव में 51,900 रुपए पास थे, चेक में काट-पीट कर 89,900 रुपए बना दिए गए।
2. चेक क्रमांक 021919 – 14 अक्टूबर 2025: 1,82,080 रुपए की जगह 2,82,080 रुपए निकाल लिए गए।
3. चेक क्रमांक 016635 – 19 जुलाई 2025: 80,150 रुपए के प्रस्ताव को बढ़ाकर 2,80,150 रुपए कर दिया गया।
कुल हिसाब देखें तो जहां 3,14,130 रुपए निकलना था, वहां 6,52,130 रुपए निकाल लिए गए।
ऑडिट में खुली पोल, हिसाब ही गायब
सबसे बड़ा सवाल – अतिरिक्त पैसा गया कहां? जांच में पता चला कि ज्यादा निकाली गई राशि का समिति के पास कोई बिल, वाउचर या खर्च पर्ची तक मौजूद नहीं है। वार्षिक ऑडिट 2025-26 में भी इस पर बड़ी आपत्ति लगाई गई है। आरोप है कि आरोपियों ने प्रस्ताव रजिस्टर में भी छेड़छाड़ की है।
अब क्या होगा ?
एसपी के आदेश के बाद बिल्हा पुलिस ने सभी चेक, प्रस्ताव पंजी और कैशबुक जब्त कर जांच तेज कर दी है। जल्द ही इस PACS घोटाले में शामिल कर्मचारियों पर FIR दर्ज कर गिरफ्तारी हो सकती है।




