Bilaspur Crime News :-बिल्हा टिनाखोली में दिनदहाड़े लूट का वीडियो वायरल
बिल्हा के टिनाखोली में चलती ट्रक से लोहा-स्क्रैप लूट का वीडियो वायरल। बच्चे से लेकर बड़े तक शामिल। रेलवे की कोयला और चावल की रैक भी निशाने पर। बिल्हा पुलिस ने केस दर्ज किया।

बिल्हा के टिनाखोली में चोरी का खुला राज : दिनदहाड़े चलती ट्रक से लोहा-स्क्रैप लूट, वीडियो में कैद हुआ बच्चों से लेकर बड़ों तक का गैंग

रेलवे के कोयला, तिरपाल और चावल की बोरियों तक पर हाथ साफ, आखिर किसके संरक्षण में चल रहा है ये काला खेल?
बिल्हा, बिलासपुर | छ.ग. जनता की आवाज़ न्यूज़ बिलासपुर जिले के बिल्हा नगर का टिनाखोली मोहल्ला अब चोरी और लूटपाट का हब बनता जा रहा है। बिल्हा मोड़ से लेकर बिल्हा फाटक, टिनाखोली होते हुए रेलवे लाइन तक का पूरा 2 किलोमीटर का स्ट्रेच अब लुटेरों का सेफ जोन बन चुका है। यहाँ अब रात नहीं, दिनदहाड़े लूट हो रही है और लोग खौफ में जीने को मजबूर हैं।
VIDEO ने खोली पोल – सबसे बड़ा सबूत कैमरे में कैद
वीडियो ने इस पूरे गिरोह का काला सच उजागर कर दिया है। धूल उड़ाती सड़क पर तेज रफ्तार लोड ट्रक के ऊपर 2-3 युवक चढ़े हुए हैं। ऊपर से वो बेखौफ होकर पिग आयरन और लोहा स्क्रैप नीचे फेंक रहे हैं और नीचे सड़क पर पहले से खड़े साइकिल सवार और 10-12 साल के छोटे-छोटे बच्चे बोरियों में वो माल बीन रहे हैं।
इस वीडियो से एक बात साफ हो गई है कि ये कोई एक-दो लोगों का काम नहीं है, ये बच्चों से लेकर बड़ों तक का एक संगठित गिरोह है जो बेखौफ होकर इस वारदात को अंजाम दे रहा है।
कैसे देते हैं वारदात को अंजाम? – समझिए इनका पूरा MODUS OPERANDI
टिनाखोली से आगे की सड़क की हालत खराब है, जगह-जगह गड्ढे और तीखा मोड़ है। इसी का फायदा ये चोर उठाते हैं।
गाड़ी धीमी हुई, किस्मत खुली: जैसे ही वर्धा, नागपुर या रायपुर की तरफ से आने वाला कोई भी हैवी लोड वाहन बिल्हा मोड़ या टिनाखोली के गड्ढों के कारण धीमा होता है, 4-5 लड़के दौड़कर चलती गाड़ी पर चढ़ जाते हैं। ऊपर से रस्सी काटकर या तिरपाल फाड़कर स्क्रैप, पिग आयरन, एंगल नीचे सड़क पर फेंक देते हैं। पीछे से उनके साथी उसे बोरियों में भरकर फरार हो जाते हैं। ड्राइवर को पता भी नहीं चलता।
रेलवे को भी नहीं छोड़ रहे – कोयला, चावल, तिरपाल सब पर हाथ साफ
इनके हौसले इतने बुलंद हैं कि अब इन्होंने भारतीय रेलवे को भी नहीं छोड़ा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जब टिनाखोली के पास मालगाड़ी की रैक लगती है, खासकर रात में…
• कोयले की रैक लगी तो पूरी-पूरी टोकरी कोयला पार। • चावल की रैक लगी तो तिरपाल फाड़कर 50 किलो की बोरी खींच ले जाते हैं।
• साथ में वैगन की तिरपाल भी फाड़कर बेच देते हैं।
रात के अंधेरे का फायदा उठाकर ये रेलवे यार्ड को भी लूट का अड्डा बना चुके हैं।
ताजा मामला – 800 किलो पिग आयरन गायब, 25 हजार का नुकसान
इस लूट का ताजा शिकार हुआ है मंगल स्पंज आयरन कंपनी, बिल्हा।
ट्रक ड्राइवर ने बिल्हा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। ट्रक क्रमांक MH 14 MT 7368 में वर्धा, महाराष्ट्र से 37.990 टन पिग आयरन लोड करके 14 सितंबर की रात को बिल्हा पहुँचा था। रात ज्यादा होने के कारण ड्राइवर ने ट्रक को बाहर पार्किंग में खड़ा कर दिया और सो गया। सुबह 15 सितंबर को जब कंपनी में कांटा कराया गया तो 800 किलो माल कम निकला, जिसकी कीमत लगभग 25,000 रुपये है।
इस मामले में बिल्हा पुलिस ने धारा 303(2) BNS के तहत अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश – पुलिस से ये है मांग
दिनदहाड़े हो रही इन वारदातों से बिल्हा के व्यापारियों और आम लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का सीधा सवाल है – जब वीडियो में साफ चेहरे दिख रहे हैं, दिनदहाड़े लूट हो रही है, तो आखिर पुलिस कार्रवाई क्यों नहीं कर रही? क्या इस पूरे खेल के पीछे किसी बड़े का संरक्षण है?
स्थानीय लोगों ने बिल्हा पुलिस और RPF से मांग की है कि बिल्हा मोड़ से टिनाखोली रेलवे फाटक तक दिन-रात संयुक्त गश्त बढ़ाई जाए और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए।