Bilaspur Kota News: दवनपुर में आदमखोर बाघ का आतंक, अब नेवसा-पटैता-गांजर डोंगरी में देखा गया शेर, 10 गांवों में हाई अलर्ट
बिलासपुर के कोटा में आदमखोर बाघ का आतंक। दवनपुर में किसान पर हमले के 7 दिन बाद भी पकड़ से बाहर है बाघ। अब नेवसा, पटैता, गांजर डोंगरी और सरायपाली में देखा गया शेर। 10 गांवों में हाई अलर्ट जारी।

Bilaspur Kota में आदमखोर बाघ का कहर: दवनपुर के बाद अब नेवसा-पटैता में दिखा बाघ, 10 गांवों में दहशत, वन विभाग ने कहा – जंगल की तरफ न जाएं

जिला रिपोर्टर – प्रदीप कुमार की रिपोर्ट
बिलासपुर / कोटा, छत्तीसगढ़ | Chhattisgarh Janta Ki Awaaz News :- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोटा विकासखंड में आदमखोर बाघ की दहशत लगातार बढ़ती जा रही है। दवनपुर में किसान पर जानलेवा हमला करने वाला बाघ पिछले 7 दिन से वन विभाग की पकड़ से बाहर है। अब इस बाघ की नई लोकेशन नेवसा – पटैता – गांजर डोंगरी और सरायपाली के बीच मिली है, जिससे पूरे कोटा रेंज में हड़कंप मच गया है।
दवनपुर में किसान पर कैसे हुआ था हमला?
मिली जानकारी के अनुसार घटना पिछले शनिवार सुबह करीब 7 बजे की है। दवनपुर निवासी किसान संजू मरकाम अपने खेत में खरीफ फसल में खाद डालने गया था। इसी दौरान खेत के किनारे झाड़ियों में घात लगाकर बैठे बाघ ने उस पर हमला कर दिया। किसान ने सूझबूझ और हिम्मत दिखाते हुए हाथ में रखे प्लास्टिक के पम्पे से बाघ के मुंह पर जोरदार वार किया, जिसके बाद बाघ जंगल की ओर भाग गया। यह पूरा इलाका अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) के बफर जोन का है। घायल किसान को ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
लोकेशन बदल रहा है बाघ, ट्रैप कैमरे में भी नहीं आ रहा नजर
वन विभाग ने बाघ को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है, लेकिन बाघ बेहद शातिर है।
रविवार को बाघ की लोकेशन दानोखार के जंगल में मिली।
सोमवार को झिंगटपुर के जंगल में मूवमेंट और शाम को झिंगटपुर-लारीपारा के बीच खार में एक गाय पर हमला कर मार डाला।
मंगलवार-बुधवार को परसदा और पिपरखुंटी क्षेत्र में पंजों के निशान मिले।
ब्रेकिंग अपडेट: गुरुवार-शुक्रवार को नेवसा, पटैता, गांजर डोंगरी और सरायपाली के बीच ग्रामीणों ने शेर को देखा है।
वन विभाग ने निगरानी के लिए 20 से अधिक ट्रैप कैमरे और ATR की एक्सपर्ट टीम तैनात की है, लेकिन आश्चर्य की बात है कि बाघ अब तक किसी भी ट्रैप कैमरे में कैद नहीं हुआ है।
10 गांवों में मुनादी, वन विभाग ने जारी किया हाई अलर्ट
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दवनपुर के कोटवार कन्हैया दास मानिकपुरी ने गांव में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया है। दवनपुर, दानोखार, झिंगटपुर, लारीपारा, परसदा, पिपरखुंटी के साथ-साथ अब नेवसा, पटैता, गांजर डोंगरी, सरायपाली और मानपुर में भी हाई अलर्ट जारी किया गया है।
वन विभाग की ग्रामीणों से अपील – कृपया जंगल तरफ न जायें। शाम के समय अकेले जंगल या खार की ओर बिल्कुल न जाएं। बच्चों और मवेशियों को अकेला न छोड़ें।
खेतों में पसरा सन्नाटा, खरीफ फसल पर मंडराया संकट
बाघ के आतंक का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है। इस समय धान की फसल में खाद और निंदाई का काम चल रहा है, लेकिन डर के कारण किसानों ने खेतों में जाना बंद कर दिया है। कई किसान समूह बनाकर खेत जा रहे हैं और शाम 5 बजे से पहले घर लौट रहे हैं। इससे हजारों एकड़ की खरीफ फसल प्रभावित होने की आशंका है।
वन विभाग का बयान
अचानकमार टाइगर रिजर्व की फील्ड डायरेक्टर प्रियंका पांडे ने बताया कि, “टीम लगातार निगरानी कर रही है। अभी तक बाघ ट्रैप कैमरे में नजर नहीं आया है। ग्रामीणों को अलर्ट कर दिया गया है। उसे जल्द रेस्क्यू करने का प्रयास जारी है।”
फिलहाल कोटा रेंज और ATR की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद है और ग्रामीणों की सुरक्षा को पहली प्राथमिकता दी जा रही है।
रिपोर्ट: जिला रिपोर्टर प्रदीप कुमार, बिलासपुर-कोटा Chhattisgarh Janta Ki Awaaz News




