Bilaspur News: चाकू लहराने वाले युवकों का जेल गेट पर जश्न, फिर मांगी माफी
बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र बजरंग पारा में चाकू लहराने के मामले में जेल गए युवकों ने जेल गेट पर जश्न मनाया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की सख्ती पर अब हाथ जोड़कर माफी मांगी।

बिलासपुर में चाकूबाजों की हेकड़ी निकली, जेल गेट पर माला पहनी तो मांगनी पड़ी माफी – सकरी के बजरंग पारा का मामला

बिलासपुर :- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। बजरंग पारा में चाकू लहराते हुए वीडियो वायरल करने के बाद जेल भेजे गए दो युवकों ने रिहाई के बाद बिलासपुर सेंट्रल जेल के गेट पर जमकर जश्न मनाया था। फूल-मालाओं से स्वागत का वीडियो वायरल होते ही बिलासपुर पुलिस सख्त हो गई, जिसके बाद अब युवकों को कैमरे पर हाथ जोड़कर माफी मांगनी पड़ी है।
क्या है पूरा मामला? बजरंग पारा में लहराया था चाकू
जानकारी के मुताबिक मामला सकरी थाना क्षेत्र के बजरंग पारा का है। कुछ दिन पहले दो युवकों का हाथ में चाकू लहराते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में युवक खुलेआम दहशत फैलाते नजर आ रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत बिलासपुर सेंट्रल जेल भेज दिया था।
जेल गेट पर ‘द किंग इज बैक’ वाला सीन
जेल से रिहाई के बाद युवकों ने अपनी गलती से सबक लेने की बजाय जेल गेट के बाहर ही फिल्मी सीन क्रिएट कर दिया। सेंट्रल जेल बिलासपुर के बाहर पहले से मौजूद 10 से 12 समर्थकों ने फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस पूरे जश्न का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर “शेर वापस आ गया” लिखकर वायरल कर दिया गया, जिसके बाद लोगों में भारी नाराजगी देखी गई।
वीडियो वायरल होते ही बिलासपुर पुलिस हुई सख्त, फिर मांगी माफी
जेल गेट पर जश्न का वीडियो वायरल होने के बाद मामला एसपी बिलासपुर तक पहुंच गया। पुलिस ने जश्न मनाने वाले युवकों की पहचान कर दोबारा कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी। पुलिस की सख्ती का असर ऐसा हुआ कि कुछ ही घंटों में उसी गैंग का तीसरा वीडियो सामने आया।
इस नए वीडियो में सभी युवक हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आ रहे हैं। युवकों ने कहा, “हमसे बहुत बड़ी गलती हो गई। हमने चाकू लहराकर और जेल गेट पर जश्न मनाकर गलत संदेश दिया। हम बिलासपुर पुलिस और जनता से माफी मांगते हैं, भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करेंगे।”
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में अपराध और अपराधियों के महिमामंडन को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




