Bilaspur Bilha News: बिल्हा वार्ड 09 में 60 पाव अवैध शराब के साथ नाबालिग बालक पकड़ाया, बिल्हा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई की है। वार्ड क्रमांक 09 में 60 पाव देशी शराब और बिक्री रकम के साथ नाबालिग बालक को पकड़ा गया।

बिल्हा पुलिस का अवैध शराब कोचियों पर प्रहार, 60 पाव देशी शराब के साथ नाबालिग बालक गिरफ्तार

बिलासपुर/बिल्हा। बिलासपुर जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। बिल्हा थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग के नेतृत्व में बिल्हा पुलिस द्वारा अवैध शराब कोचियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बिल्हा पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सिविल टीम गठित
बताया जा रहा है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) द्वारा जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अवैध शराब की बिक्री और परिवहन करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसी आदेश के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में बिल्हा थाना प्रभारी द्वारा थाना स्तर पर विशेष सिविल टीम का गठन किया गया था, जो विश्वस्त मुखबिरों के माध्यम से अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थी।

ऐसे पकड़ाया आरोपी – मुखबिर की सूचना पर छापा
पुलिस को दिनांक 24.08.2026 को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक 09 बिल्हा निवासी मनोज गेंदले का लड़का अपने घर में भारी मात्रा में अवैध देशी शराब रखकर बिक्री कर रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी बिल्हा द्वारा तत्काल सिविल टीम गठित कर बताए गए पते पर छापामार कार्रवाई की गई। मौके पर घर की तलाशी के दौरान एक नाबालिग बालक मिला।
तलाशी में मिले 60 पाव शराब, 10.800 लीटर जप्त
नाबालिग बालक के समक्ष घर की तलाशी लेने पर एक सफेद प्लास्टिक की बोरी में 30 नग देशी प्लेन और 30 नग देशी मसाला शराब, कुल 60 नग (कुल 10.800 लीटर) बरामद हुई, जिसकी कुल कीमत लगभग 5400 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा नाबालिग बालक के पास से शराब बिक्री की नगदी रकम 500 रुपये भी जप्त की गई है।
पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत विधिवत जप्ती की कार्रवाई कर नाबालिग बालक को हिरासत में लिया और माननीय किशोर न्याय बोर्ड बिलासपुर के समक्ष पेश किया गया है।
थाना प्रभारी का कड़ा संदेश – अवैध कारोबार बर्दाश्त नहीं
इस पूरी कार्रवाई को लेकर थाना प्रभारी बिल्हा निरीक्षक तोपसिंह नवरंग ने कहा कि “बिल्हा क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और नशे के किसी भी अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिल्हा पुलिस की अवैध शराब कोचियों पर लगातार कार्रवाई जारी है और आगे भी जारी रहेगी। आम नागरिकों से अपील है कि अवैध गतिविधियों की सूचना बेझिझक पुलिस को दें, सूचना देने वाले का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।”
इस कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग के साथ प्रधान आरक्षक 786 अनिल बंजारे, आरक्षक 1390 संतोष मरकाम और आरक्षक 1431 अर्जुन जांगड़े का विशेष योगदान रहा।



