Crime News Kota : गणेश विसर्जन पर किसान पर तब्बल से हमला
बिलासपुर के कोटा थाना क्षेत्र के छेरकाबांधा गांव में गणेश विसर्जन के बाद पुलाव खाने के दौरान विवाद में किसान जय प्रकाश पर तब्बल से जानलेवा हमला, CIMS बिलासपुर रेफर।

बिलासपुर के कोटा में गणेश विसर्जन के बाद खूनी संघर्ष, बीच-बचाव करने गए किसान पर तब्बल से जानलेवा हमला, हालत नाजुक
बिलासपुर, छत्तीसगढ़ :- बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां छेरकाबांधा गांव के लारीपारा में गणेश विसर्जन के बाद मामूली विवाद में एक किसान पर धारदार तब्बल से प्राणघातक हमला कर दिया गया। घायल किसान की पहचान जय प्रकाश के रूप में हुई है। हमले में गंभीर रूप से घायल किसान को कोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलाव खाने के दौरान शुरू हुआ विवाद, सुलह कराना पड़ा भारी
मिली जानकारी के अनुसार गांव में गणेश विसर्जन के बाद पंडाल के बाहर पुलाव प्रसाद का वितरण किया जा रहा था। इसी दौरान गांव के अबला साहू उर्फ छोटा और दूसरे पक्ष के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद बढ़ता देख किसान जय प्रकाश मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया।
परिजनों के मुताबिक विवाद शांत होने के कुछ देर बाद गांव की बिजली गुल हो गई। इसी अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी अबला साहू तब्बल लेकर आया और पीछे से जय प्रकाश पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में किसान के सिर, गर्दन, कंधे और पीठ पर गंभीर चोटें आईं हैं।

अस्पताल से सामने आई खौफनाक तस्वीर
अस्पताल से जो दृश्य सामने आए हैं, उसमें घायल किसान बिस्तर पर लहूलुहान हालत में पड़ा है। उसकी बनियान खून से सनी हुई है और शरीर पर तब्बल के गहरे जख्म साफ दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों ने ही बीच-बचाव कर उसे अस्पताल पहुंचाया।
कोटा पुलिस का आधिकारिक बयान आया सामने
इस मामले में कोटा एसडीओपी का बयान सामने आया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे थे। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि गणेश विसर्जन के बाद पंडाल के बाहर पुलाव खाने के दौरान दो पक्षों में विवाद हुआ था, उसी को छुड़ाने गए व्यक्ति को चोट आई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
परिजनों का आरोप, पहले भी हो चुकी है शिकायत
घायल के परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी के खिलाफ कोटा थाने में पहले भी शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन सख्त कार्रवाई नहीं होने से उसके हौसले बढ़े हुए हैं। परिजनों ने आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच के बाद मामले में आगे की धाराएं जोड़ी जाएंगी।

