बिलासपुर मस्तूरी खाद घोटाला: एरमसाही सेवा सहकारी समिति पंजीयन 687 में 15 टन खाद का फर्जीवाड़ा, प्रभारी प्रबंधक बर्खास्त
बिलासपुर जिले के मस्तूरी ब्लॉक की एरमसाही सेवा सहकारी समिति मर्यादित पंजीयन 687 में 14 टन एनपीके और 1.30 टन एसएसपी खाद का बिना POS एंट्री वितरण। 2 लाख के बिल वाउचर गायब। उप आयुक्त के आदेश पर प्रभारी प्रबंधक बबलू धृतलहरे को पद से हटाया गया।

बिलासपुर / मस्तूरी / एरमसाही – सेवा सहकारी समिति में 15.30 टन खाद घोटाले का भंडाफोड़, प्रभारी प्रबंधक बर्खास्त

बिलासपुर, मस्तूरी, एरमसाही। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मस्तूरी विकासखंड से खाद घोटाले की बड़ी खबर सामने आई है। सेवा सहकारी समिति मर्यादित एरमसाही, पंजीयन क्रमांक 687, विकासखंड मस्तूरी, जिला बिलासपुर (छ.ग.) में किसानों की खाद में बड़े पैमाने पर अनियमितता उजागर हुई है।

क्या है पूरा मामला?
किसानों को खाद नहीं मिलने की शिकायत पर उप संचालक कृषि बिलासपुर के पत्र दिनांक 16.07.2026 और सहकारिता विस्तार अधिकारी मस्तूरी के जांच प्रतिवेदन दिनांक 27.07.2026 के आधार पर जांच की गई।
जांच में पाया गया कि समिति के गोदाम में एन.पी.के. 20:20:10 – 14 मेट्रिक टन और एस.एस.पी. पाउडर – 1.30 मेट्रिक टन भंडारित था, जो श्री राम एग्रोटेक झाबुआ (म.प्र.) कंपनी से लाया गया था।
बिना POS एंट्री के बेच दी पूरी खाद
नियम के अनुसार हर बोरी की एंट्री POS मशीन में होना अनिवार्य है, लेकिन प्रभारी प्रबंधक ने POS मशीन में बिना इंद्राज किए ही परमिट पर पूरी खाद का वितरण कर दिया। साथ ही समिति प्रबंधक द्वारा खाद का बिल वाउचर भी उपलब्ध नहीं कराया गया।
2 लाख रुपये के वाउचर आज भी प्रबंधक के पास
जांच रिपोर्ट में साफ लिखा है कि लगभग 2 लाख रुपये की खाद के परमिट वाउचर प्रभारी प्रबंधक श्री बबलू धृतलहरे के पास शेष हैं। इससे खाद की कालाबाजारी की आशंका गहरा गई है।
उप आयुक्त सहकारिता बिलासपुर का सख्त आदेश
मामले को गंभीर मानते हुए कार्यालय उप आयुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं बिलासपुर द्वारा पत्र क्रमांक 1132 दिनांक 25/08/2026 जारी कर प्राधिकृत अधिकारी एरमसाही को संबंधित प्रबंधक के विरुद्ध छत्तीसगढ़ सहकारी सोसायटी सेवा नियम के तहत लघु/दीर्घ शास्ति की कार्रवाई करने का आदेश दिया गया।
प्रभारी प्रबंधक बबलू धृतलहरे को पद से हटाया गया
उप आयुक्त के आदेश के पालन में प्राधिकृत अधिकारी सेवा सहकारी समिति एरमसाही ने दिनांक 08.09.2026 को आदेश जारी कर प्रभारी संस्था प्रबंधक श्री बबलू धृतलहरे को तत्काल प्रभाव से प्रभारी प्रबंधक के पद से एवं वित्तीय प्रभार से मुक्त कर दिया है।
समिति में किसानों को समय पर खाद मिल सके, इसके लिए कैडर प्रबंधक देने की मांग की गई है।