Ratanpur Bilaspur News: रतनपुर में टूटा LT बिजली तार बना काल, करंट लगने से युवक की मौके पर मौत, ग्रामीणों में आक्रोश
बिलासपुर के रतनपुर में आठाबिसा तालाब के पास LT बिजली का तार टूटकर सड़क पर गिरा, करंट की चपेट में आने से ईश्वर अनंत उर्फ राजू की मौत। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया।

रतनपुर में टूटा बिजली का तार बना मौत का कारण, करंट की चपेट में आने से युवक की मौके पर मौत
बिलासपुर / रतनपुर: न्यायधानी बिलासपुर जिले के ऐतिहासिक नगरी रतनपुर से एक बेहद दर्दनाक और लापरवाही उजागर करने वाली खबर सामने आई है। बिजली विभाग की कथित घोर लापरवाही के चलते एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी है। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र के आठाबिसा तालाब के पास की है।
सड़क पर गिरा था LT लाइन का तार, साइकिल सवार चपेट में आया
जानकारी के अनुसार, आठाबिसा तालाब के पास लगा लो टेंशन (LT) लाइन का बिजली तार अचानक टूटकर सीसी रोड पर गिर गया। तार में लगातार करंट प्रवाहित हो रहा था। इसी दौरान प्रतिदिन की तरह मंदिर से दर्शन कर साइकिल से अपने घर लौट रहे ईश्वर अनंत उर्फ राजू पिता जग्गू अनंत उम्र 48 वर्ष, वहां से गुजरे। सड़क पर गिरे करंट प्रवाहित तार के संपर्क में उनकी साइकिल आ गई और वे गंभीर रूप से करंट की चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना बिजली विभाग और पुलिस को दी।
इसी जगह पर कुछ दिन पहले भी हुई थी मौत स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह कोई पहला हादसा नहीं है। कुछ दिन पहले ही इसी स्थान पर भेड़ीमुड़ा क्षेत्र के एक युवक की भी बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। एक ही जगह पर दोबारा इस तरह की घटना होने से ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर पहली घटना के बाद ही विभाग ने तारों और खंभों की जांच कर ली होती तो आज राजू की जान बच सकती थी।
बिजली विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल, JE की कार्यप्रणाली पर भी आरोप
स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि रतनपुर क्षेत्र में बिजली के खंभे जर्जर हालत में हैं और तार कई जगहों से लटके और झुले हुए हैं। इसको लेकर कई बार मौखिक और लिखित शिकायत संबंधित अधिकारियों से की गई, लेकिन समय पर कोई मेंटेनेंस नहीं कराया गया।
लोगों ने इस हादसे के लिए सीधे तौर पर बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय स्तर पर तैनात जेई राजेंद्र जगत की कार्यप्रणाली को लेकर भी लोग सवाल खड़े कर रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच और विभागीय जांच के बाद ही हो सकेगी।
मौके पर पहुंची रतनपुर पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडेय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल बिजली विभाग को लाइन बंद करवाई और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जर्जर तारों के तत्काल मेंटेनेंस की मांग
लगातार हो रहे बिजली हादसों को देखते हुए रतनपुर और आसपास के ग्रामीणों ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि पूरे क्षेत्र के बिजली तारों, खंभों और ट्रांसफार्मरों का तत्काल निरीक्षण कराया जाए और जर्जर तारों को तुरंत बदला जाए ताकि भविष्य में किसी और की जान न जाए।




