जगदलपुर न्यूज़: कांगोली 5वीं वाहिनी में 3 करोड़ का गबन, प्रधान आरक्षक गिरफ्तार – बस्तर पुलिस

बस्तर में वर्दी को कलंक: जगदलपुर की कांगोली 5वीं वाहिनी में 3 करोड़ का महाघोटाला, जवानों की गाढ़ी कमाई पर 9 साल तक डाका, परपा पुलिस ने दूसरे प्रधान आरक्षक को दबोचा, महकमे में हड़कंप

जगदलपुर (बस्तर) :- छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर जिले से पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाली सबसे बड़ी खबर सामने आई है। जहां जवान दिन-रात अपनी जान हथेली पर रखकर ड्यूटी करते हैं, उसी जगदलपुर के कांगोली स्थित 5वीं वाहिनी सशस्त्र बल की कर्मचारी कल्याण साख समिति में उन्हीं जवानों की खून-पसीने की कमाई पर करीब 3 करोड़ रुपये का डाका डाल दिया गया।
यह कोई छोटा-मोटा गबन नहीं, बल्कि 9 साल तक चला आ रहा एक सोचा-समझा महाघोटाला है, जिसने पूरे बस्तर पुलिस लाइन में भूचाल ला दिया है।
परपा पुलिस का बड़ा एक्शन, दूसरा मोहरा जेल में
इस बहुचर्चित गबन कांड में परपा थाना पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने समिति में अध्यक्ष के साथ रहे प्रधान आरक्षक संजय चौहान को हिरासत में लेकर घंटों पूछताछ की। पूछताछ में भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जगदलपुर जेल भेज दिया है।
गौरतलब है कि इससे पहले 29 जुलाई को इसी मामले में समिति के पूर्व अध्यक्ष और प्रधान आरक्षक शिवकांत तिवारी को गिरफ्तार किया जा चुका है। दो बड़ी गिरफ्तारियों के बाद अब यह साफ हो गया है कि यह अकेले का काम नहीं है।
ऐसे दिया गया 3 करोड़ को अंजाम – लोन और जमा राशि में फर्जीवाड़ा
पुलिस जांच और दस्तावेजों से जो कहानी निकलकर सामने आ रही है, वह बेहद चौंकाने वाली है। साल 2012 से 2021 के बीच समिति में जवानों के लोन खातों और उनकी जमा राशि में बड़ी हेराफेरी की गई।
आरोप है कि फर्जी लोन खाते दिखाए गए, फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए और जवानों के नाम पर पैसा निकालकर हजम कर लिया गया। जवानों को पता ही नहीं चला और उनकी कल्याण के लिए बनी समिति को ही लूट का अड्डा बना दिया गया। जब घोटाला 3 करोड़ के करीब पहुंचा तब जाकर परपा थाने में शिकायत दर्ज हुई।
जांच के दायरे में कई और वर्दीधारी, SP ने दिए सख्त संकेत
इस पूरे मामले को बस्तर एसपी शलभ कुमार सिन्हा ने गंभीरता से लिया है। एसपी सिन्हा ने खुद बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और यह एक संगठित अपराध के रूप में सामने आ रहा है।
उन्होंने दो टूक कहा है कि जिनकी भी संदिग्ध भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। सूत्रों की मानें तो जांच की आंच में कई और कर्मचारी और पूर्व पदाधिकारी भी आ सकते हैं। बस्तर पुलिस लगातार दस्तावेजों, लेन-देन, लोन खातों और जमा राशि की बारीकी से जांच कर रही है। आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां तय मानी जा रही हैं।
जवानों में आक्रोश, वर्दी पर उठे सवाल
कांगोली 5वीं वाहिनी में हुए इस कांड के बाद जवानों में भारी आक्रोश है। जवानों का कहना है कि कल्याण समिति उनके बुरे वक्त का सहारा होती है, उसी में अगर गबन होगा तो वे किस पर भरोसा करेंगे। फिलहाल परपा पुलिस की इस कार्रवाई के बाद महकमे में खलबली मची हुई है।