Bilaspur News: मूसलाधार बारिश में लोधी समाज का शौर्य-वंदन, देवकीनंदन चौक में वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी को किया नमन
बिलासपुर के देवकीनंदन चौक में लोधी समाज के जिलाध्यक्ष जमुना प्रसाद वर्मा के नेतृत्व में मूसलाधार बारिश के बीच वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी को शौर्य-वंदन कर कोटि-कोटि नमन किया गया। नवागढ़ से शौर्य संकल्प रैली और चक्रवाय में मूर्ति अनावरण की तैयारी तेज।

लोधी समाज के जिलाध्यक्ष जमुना प्रसाद वर्मा के नेतृत्व में बिलासपुर के देवकीनंदन चौक में शौर्य-वंदन, मूसलाधार बारिश में वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी को किया कोटि-कोटि नमन

नवागढ़ से निकलेगी ऐतिहासिक शौर्य संकल्प रैली, चक्रवाय में भव्य मूर्ति अनावरण महोत्सव की तैयारी तेज
बिलासपुर। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की महानायिका, शौर्य, स्वाभिमान और नारी शक्ति की अमर प्रतीक अमर शहीद वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी जी का बलिदान दिवस बिलासपुर में ऐतिहासिक एकजुटता और गौरव के साथ मनाया गया।
शहर के हृदय स्थल देवकीनंदन चौक स्थित शहीद वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी चौक में आयोजित शौर्य-वंदन समारोह में मौसम ने समाज के हौसले की कड़ी परीक्षा ली। घनघोर मूसलाधार बारिश के बावजूद लोधी समाज का जोश कम नहीं हुआ

लोधी समाज बिलासपुर के जिलाध्यक्ष जमुना प्रसाद वर्मा के नेतृत्व में समाज के पदाधिकारियों, वरिष्ठजनों, युवा शक्ति और मातृशक्ति ने बारिश में भीगते हुए वीरांगना की अश्वारोही प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके अदम्य साहस और बलिदान को कोटि-कोटि नमन किया। इस दौरान “अमर शहीद वीरांगना अवंती बाई लोधी अमर रहे” के गगनभेदी जयघोष से पूरा देवकीनंदन चौक गूंज उठा। यह दृश्य पूरे शहर में चर्चा का विषय बना रहा।

इस गरिमामय अवसर पर प्रमुख रूप से रामायण लाल राजपूत, परमलाल लोधी, भुवनेश्वर राजपूत, संतोष लोधी, सनत राजपूत, कृष्णा लोधी, भोला लोधी, राहुल वर्मा, दाऊ राम वर्मा, रवि लोधी, मोहिंदर वर्मा, मोहित राजपूत, मोहन राजपूत, राजा राजपूत, परमेश्वर राजपूत, श्याम सुंदर वर्मा, सतीश वर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में लोधी समाज के लोग उपस्थित रहे। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं और सामाजिक बंधुओं ने एकजुटता का परिचय देते हुए वीरांगना के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
अब और भी भव्य होंगे आयोजन
लोधी समाज के जिलाध्यक्ष जमुना प्रसाद वर्मा ने बताया कि यह कार्यक्रम केवल नमन तक सीमित नहीं रहेगा। समाज ने इस बलिदान दिवस को जिले में ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया है।
उन्होंने बताया कि नवागढ़ से एक विशाल शौर्य संकल्प रैली निकाली जाएगी, जो जिले के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरेगी और हजारों सामाजिक बंधु इसमें शामिल होकर वीरांगना के बलिदान का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे।
इसी कड़ी में चक्रवाय में शहीद वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी जी की भव्य प्रतिमा का अनावरण महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस महोत्सव को लेकर बिल्हा, सरगांव, लोधी गार्डन सहित पूरे बिलासपुर जिले में जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं।
जिलाध्यक्ष जमुना प्रसाद वर्मा ने कहा कि यह आयोजन लोधी समाज की एकता, स्वाभिमान और वीरांगना के गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होगा।
(Neeraj Kumar Tiwari Editor-in-Chief)























