Bilaspur Chhattisgarh BreakingBilaspur Latest NewsCG Crime NewsFarmer NewsWeather News

Bilaspur Kota News: बिलासपुर के कोटा में आकाशीय बिजली से 3 की मौत, दो साढ़ू भाइयों सहित किसान की गई जान

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र में बुधवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से 3 किसानों की मौत हो गई। लखोदना में दो साढ़ू भाई और मानपुर में पेड़ के नीचे खड़े किसान की जान गई। कोटा पुलिस ने मर्ग कायम किया।

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोटा में आकाशीय बिजली का कहर: लखोदना और मानपुर में 3 किसानों की दर्दनाक मौत, गांवों में पसरा मातम

बिलासपुर/कोटा :- बिलासपुर जिले के कोटा विकासखंड में बुधवार शाम मौसम के अचानक बिगड़ने से आकाशीय बिजली ने कहर बरपाया है। कोटा क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों लखोदना और मानपुर में आकाशीय बिजली गिरने से 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। मृतकों में दो साढ़ू भाई शामिल हैं, जिनकी ससुराल एक ही गांव में है। इस घटना के बाद दोनों गांवों में मातम का माहौल है।

तेज गर्जना के साथ बिगड़ा मौसम, खेत में काम कर रहे थे किसान

पहली घटना कोटा क्षेत्र के ग्राम लखोदना की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम लखोदना के रहने वाले मन्ना यादव (41) पिता माखन यादव और नवाडीह बेलगहना निवासी उनके साढ़ू कुंजराम यादव (45) पिता गंगाराम यादव बुधवार शाम खेत में काम करने गए हुए थे। दोनों की ससुराल लखोदना गांव में ही है।

बताया जा रहा है कि शाम करीब 6 बजे अचानक मौसम बदला। घने बादल छाने के साथ तेज गरज-चमक और मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। दोनों किसान बारिश के दौरान ही खेत में काम कर रहे थे, तभी अचानक उनके ऊपर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और खेत में ही अचेत होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें देखा तो तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजन वाहन की व्यवस्था कर दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटा ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मानपुर में पेड़ के नीचे खड़े किसान पर गिरी गाज, मौके पर ही मौत

दूसरी घटना कोटा क्षेत्र के ही ग्राम मानपुर की है। ग्राम मानपुर निवासी जागेश्वर जगत (45) बुधवार शाम खेत में मेढ़ बांधने गए थे। उनके साथ गांव का एक अन्य व्यक्ति भी था। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए जागेश्वर खेत के पास एक पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए, जबकि उनका साथी खेत में ही काम करता रहा।

इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे उस पेड़ पर गिरी। इसकी चपेट में आने से जागेश्वर गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल कोटा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने की कार्रवाई, एसडीओपी नुपूर उपाध्याय ने दी जानकारी

लखोदना और मानपुर में हुई घटनाओं की सूचना के बाद कोटा पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। कोटा पुलिस ने लखोदना मामले में पंचनामा कार्रवाई कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्च्युरी भेज दिया है। वहीं, जागेश्वर जगत के शव को भी पोस्टमार्टम के लिए मर्च्युरी में रखवाया गया है।

मामले में एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय ने बताया कि गुरुवार सुबह तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

एसडीओपी नुपूर उपाध्याय की जनहित में अपील – किसानों और ग्रामीणों के लिए जरूरी संदेश

एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय मैडम ने इस दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए आम जनता से अपील की है। उन्होंने कहा है कि मानसून के दौरान आकाशीय बिजली गिरना आम है और थोड़ी सी सावधानी से बड़ी जनहानि टाली जा सकती है।

जनहित में जारी संदेश:

सभी ग्रामीणों, किसानों और नागरिकों से अपील है कि बारिश और तेज गरज-चमक के दौरान खुले खेत, ऊंचे स्थान, बिजली के खंभों और अकेले खड़े पेड़ के नीचे बिल्कुल भी शरण न लें। पेड़ पर बिजली गिरने की संभावना सबसे ज्यादा होती है। बारिश के समय पक्के मकान में रहें और बच्चों को भी इस बारे में जागरूक करें। आपकी सतर्कता ही आपकी सुरक्षा है।

पुलिस प्रशासन ने भी लोगों से मौसम विभाग की चेतावनी पर ध्यान देने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!