Raipur Breaking News:- रायपुर ब्लू वाटर हादसा 77 घंटे बाद मिला आदिल का शव, शर्त बनी मौत की वजह
रायपुर के ब्लू वॉटर में डूबे आदिल खान का शव 77 घंटे बाद मिला। दोस्तों से लगी थी तैरने की शर्त। 3 दिन तक SDRF-NDRF ने किया सर्च ऑपरेशन।

रायपुर के ब्लू वॉटर में शर्त बनी काल: 24 साल के आदिल का 77 घंटे बाद मिला शव, 3 दिन तक चला SDRF-NDRF का सर्च ऑपरेशन

रायपुर। राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र के नकटी गांव स्थित ब्लू वॉटर खदान में डूबे 24 वर्षीय युवक का शव 77 घंटे बाद पानी से बाहर आया है। मृतक की पहचान मौदहापारा निवासी आदिल खान के रूप में हुई है। शनिवार देर रात शव पानी की सतह पर तैरता हुआ दिखाई दिया।
दोस्तों के साथ घूमने गया था, तैरने की लगी थी शर्त

जानकारी के अनुसार 19 अगस्त की शाम आदिल अपने तीन दोस्तों के साथ ब्लू वॉटर घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच खदान के एक छोर से दूसरे छोर तक तैरकर जाने की शर्त लग गई। शर्त लगते ही आदिल और उसका एक दोस्त पानी में उतर गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें दोनों युवक तैरते हुए नजर आ रहे हैं। तैरते हुए आदिल धीरे-धीरे गहरे हिस्से की ओर चला गया और देखते ही देखते पानी में डूब गया।
ठंडे और गहरे पानी में सर्च ऑपरेशन रहा मुश्किल
आदिल के डूबने की सूचना के बाद माना थाना पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। बाद में NDRF को भी रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया। टीमों ने कई घंटे तक पानी के अंदर सर्च किया, लेकिन ब्लू वॉटर की अत्यधिक गहराई और पानी के अंदर कम तापमान के कारण गोताखोरों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। तीन दिनों तक टीमें लगातार सर्च करती रहीं लेकिन कामयाबी नहीं मिली।
77 घंटे बाद पानी पर उतराता मिला शव
करीब तीन दिन तक लगातार तलाश के बाद जब आदिल नहीं मिला तो परिजनों की चिंता बढ़ती गई। परिजन घटना के बाद से लगातार मौके पर मौजूद थे और शव मिलने का इंतजार कर रहे थे। शनिवार देर रात आखिरकार शव खुद पानी के ऊपर आ गया और सतह पर तैरता हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद एक बार फिर ब्लू वॉटर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। प्रशासन की ओर से क्षेत्र में लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित करने और पूरे इलाके में फेंसिंग कराने की बात कही गई है।
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने भी ब्लू वॉटर क्षेत्र को प्रतिबंधित करने और सुरक्षा के लिए फेंसिंग कराने की जानकारी दी है। दोस्तों के बीच लगी तैरने की एक मामूली शर्त ने 24 साल के आदिल की जान ले ली।