Chandigarh Hotel Taj Sector 17Chandigarh Police is investigatingChhattisgarh Rice Miller Breaking NewsDeath of Deepak Kumar MittalRaipur Chandigarh News

रायपुर-चंडीगढ़ बड़ी खबर: सेक्टर-17 ताज होटल में रायपुर के राइस मिल संचालक दीपक मित्तल की रहस्यमयी मौत, कमरे में शराब-दवा मिलने से सनसनी

छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के कारोबारी दीपक कुमार मित्तल की चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित ताज होटल के कमरे में संदिग्ध मौत। मार्कफेड की बैठक के लिए गए थे चंडीगढ़। कमरे से शराब की बोतलें और दवाएं बरामद, रात में आई युवती से पूछताछ, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।

रायपुर जिले के राइस मिल कारोबारी की चंडीगढ़ के सेक्टर-17 ताज होटल में रहस्यमयी मौत, रायपुर से चंडीगढ़ तक हड़कंप

Deepak Kumar Mittal who died in Hotel Taj Sector 17

रायपुर / चंडीगढ़ :- छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के जाने-माने धान कारोबारी की पंजाब के चंडीगढ़ शहर के सेक्टर-17 स्थित ताज होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान रायपुर निवासी दीपक कुमार मित्तल उम्र 56 वर्ष के रूप में हुई है। वे रायपुर की एक बड़ी ग्रेन कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर थे। बुधवार सुबह होटल के कमरे में उनके बेसुध मिलने की खबर के बाद रायपुर के कारोबारी जगत से लेकर चंडीगढ़ पुलिस महकमे तक हलचल मच गई है।

मार्कफेड बैठक के लिए दो दिन पहले पहुंचे थे चंडीगढ़

मिली जानकारी के अनुसार दीपक मित्तल शासकीय आपूर्ति संस्था मार्कफेड से जुड़े काम के सिलसिले में चंडीगढ़ आए थे। करीब दो दिन पहले उन्होंने सेक्टर-17 के ताज होटल में कमरा बुक कराया था। उनके साथ आया वाहन चालक उन्हें होटल में छोड़कर रवाना हो गया था। इसके बाद से वे अकेले ही कमरे में ठहरे हुए थे। परिजनों को बुधवार सुबह करीब 11 बजे इस घटना की सूचना दी गई।

तड़के वेटर ने कमरे में बेसुध देखा, अस्पताल में तोड़ा दम

बुधवार तड़के करीब 6 बजे होटल का वेटर कमरे में पहुंचा तो दरवाजा खुला हुआ मिला। भीतर जाकर देखा तो दीपक मित्तल पलंग पर अचेत पड़े थे। वेटर ने उन्हें हिलाकर जगाने की कोशिश की, लेकिन शरीर में कोई हरकत नहीं हुई। घबराए कर्मी ने तुरंत होटल प्रबंधन को खबर दी। प्रबंधन ने बिना देर किए उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सेक्टर-17 थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कमरे की तलाशी ली।

कमरे से शराब की बोतलें और दवाएं बरामद, जहरीले नशे की आशंका

पुलिस की शुरुआती छानबीन में कमरे से शराब की बोतलें और कुछ दवाइयां मिली हैं। पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि अधिक मात्रा में शराब और दवाओं के सेवन से शरीर पर विपरीत असर पड़ा हो सकता है। हालांकि थाना प्रभारी का कहना है कि यह केवल आशंका है। मौत के पुख्ता कारणों का खुलासा सेक्टर-16 अस्पताल में होने वाले पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल शव को मर्चुरी में रखवाया गया है।

रात को कमरे में आई युवती से लगातार पूछताछ, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

इस मामले को सबसे ज्यादा पेचीदा बनाने वाला पहलू रात में होटल आई एक युवती है। बताया जा रहा है कि घटना वाली रात वह युवती दीपक मित्तल से मिलने होटल आई थी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। युवती कौन है, उसका कारोबारी से क्या संबंध था, रात में कमरे में क्या बातचीत हुई और वह कब होटल से निकली, इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज और एंट्री रजिस्टर की भी जांच कर रही है।

रायपुर का प्रतिष्ठित ग्रेन व्यवसायी परिवार, 1997 से चावल कारोबार में सक्रिय

दीपक कुमार मित्तल रायपुर के रामसागरपारा स्थित आदिश्वर कॉम्प्लेक्स से संचालित संजय ग्रेन प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के कर्ता-धर्ता थे। उनकी कंपनी उसना, अरवा, बासमती, फोर्टिफाइड चावल और दाल सहित अन्य खाद्य उत्पादों के कारोबार में लगी है। आमासिवनी क्षेत्र में उनकी फैक्ट्री भी है। कंपनी के निदेशक मंडल में उनके साथ परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हैं। वे पंजाब सरकार की राशन किट आपूर्ति से जुड़े बड़े ठेकेदार के रूप में भी जाने जाते थे।

होटल प्रबंधन का शोक संदेश, जांच में सहयोग का दावा

पूरे घटनाक्रम पर ताज होटल प्रबंधन की ओर से दुख जताया गया है। प्रबंधन ने कहा है कि इस दुखद घटना से वे आहत हैं, उनकी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं और जांच में अधिकारियों को पूरा सहयोग दिया जा रहा है। वहीं चंडीगढ़ पुलिस का कहना है कि मौत से पहले क्या खाया-पीया गया, कौन सी दवाएं ली गईं और अंतिम घंटों में क्या गतिविधि रही, हर बिंदु की गहराई से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!