Sakti Salni Panchayat Scam: जैजैपुर की सलनी पंचायत में 16.76 लाख के घोटाले पर बड़ी कार्रवाई, दो सचिव निलंबित, उपअभियंता को दूसरा नोटिस | CG Janta Ki Awaaz
छत्तीसगढ़ जनता की आवाज न्यूज़ की खबर का बड़ा असर। सक्ती जिले के जैजैपुर जनपद की ग्राम पंचायत सलनी में 16.76 लाख की अनियमितता पर जिला पंचायत सीईओ वासु जैन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्तमान सचिव संतरा सिदार और पूर्व सचिव लक्ष्मण बंजारे को निलंबित किया। उपअभियंता वेद प्रकाश डनसेना को दूसरा नोटिस।

छत्तीसगढ़ जनता की आवाज की खबर का बड़ा असर सक्ती जिले के जैजैपुर की सलनी पंचायत में 16.76 लाख के फर्जी विकास कार्यों का भंडाफोड़, जिला सीईओ वासु जैन की बड़ी कार्रवाई – दो पंचायत सचिव निलंबित, उपअभियंता को दूसरी बार शो-कॉज नोटिस

छत्तीसगढ़ जनता की आवाज न्यूज़ – सक्ती / जैजैपुर :- सक्ती जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत जिला प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ जनता की आवाज न्यूज़ द्वारा लगातार उठाए जा रहे पंचायत घोटालों की खबरों का सीधा असर है। जिस खबर को पत्रिका न्यूज़ नेटवर्क ने भी प्रमुखता से प्रकाशित किया था, उस पर संज्ञान लेते हुए जिला पंचायत सक्ती के सीईओ आईएएस वासु जैन ने कड़ा एक्शन लिया है।
ताजा मामला जिला सक्ती के जैजैपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत सलनी का है, जहां विकास कार्यों के नाम पर शासकीय राशि के दुरुपयोग का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
खबर का असर – जिला सीईओ ने लिया संज्ञान
खबर का असर कॉलम के तहत प्रकाशित इस खबर के बाद जिला पंचायत सक्ती हरकत में आई। जिला सीईओ वासु जैन ने स्वयं इस मामले की जिला स्तरीय जांच के आदेश दिए थे। जांच में अनियमितता सिद्ध होते ही 13 अक्टूबर को निलंबन का आदेश जारी कर दिया गया।
क्या है पूरा मामला – 1676389 रुपये का फर्जीवाड़ा
जिला पंचायत सक्ती की जांच रिपोर्ट के अनुसार ग्राम पंचायत सलनी में विभिन्न विकास कार्यों को मौके पर पूर्ण कराए बिना ही कागजों में पूर्ण बताकर कुल 16,76,389 रुपये (16.76 लाख रुपये) की राशि आहरित कर व्यय के रूप में दिखा दी गई।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पंचायत में बोर खनन, शौचालय, नाली जैसे कार्य या तो अधूरे हैं या हुए ही नहीं, फिर भी उनका पूरा भुगतान उठा लिया गया है। सबसे बड़ा आरोप तो यह था कि पुराने बोर को ही नया बोर बताकर उसकी राशि आहरित कर ली गई।
इन 5 कार्यों में हुई सबसे बड़ी अनियमितता
जांच दल ने मौके पर जाकर पाया कि निम्नलिखित कार्यों में भारी गड़बड़ी की गई है –
1. बोर खनन एवं पंप स्थापना कार्य – चार बोर खनन कार्यों में सबसे बड़ा घोटाला।
2. शौचालय निर्माण कार्य – कागजों में शौचालय पूर्ण, मौके पर अधूरा।
3. नाली निर्माण कार्य – नाली निर्माण में गुणवत्ता और माप में गड़बड़ी।
4. चबूतरा मरम्मत कार्य – बिना मरम्मत के ही राशि आहरण।
5. अन्य छोटे निर्माण कार्य – जिनका कोई अस्तित्व ही नहीं है।
किस पर गिरी गाज – दो सचिव सस्पेंड
1. वर्तमान सचिव संतरा सिदार निलंबित
2. पूर्व सचिव लक्ष्मण बंजारे निलंबित
जिला पंचायत सीईओ द्वारा जारी आदेश के अनुसार ग्राम पंचायत सलनी की वर्तमान सचिव संतरा सिदार और पूर्व सचिव लक्ष्मण बंजारे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दोनों पर शासकीय राशि के दुरुपयोग, अभिलेखों में हेरफेर और पदीय दायित्वों में लापरवाही का आरोप सिद्ध हुआ है।
उपअभियंता की भूमिका पर भी सवाल – 8 लाख का बिना MB के भुगतान उपअभियंता वेद प्रकाश डनसेना को दूसरी बार कारण बताओ नोटिस
इस पूरे घोटाले में तकनीकी अधिकारी की भूमिका सबसे ज्यादा संदिग्ध पाई गई है। जिला पंचायत ने उपअभियंता वेद प्रकाश डनसेना को दूसरी बार कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
पहले नोटिस का जवाब असंतोषजनक पाए जाने के बाद जारी दूसरे नोटिस में कहा गया है कि उपअभियंता ने चार बोर खनन एवं पंप स्थापना कार्यों के लिए लगभग 8 लाख रुपये का मूल्यांकन बिना माप पुस्तिका (Measurement Book) में दर्ज किए ही कर दिया और भुगतान की अनुशंसा कर दी। यह पूरी तरह से छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम और वित्तीय नियमों का उल्लंघन है।
जिला पंचायत ने उन्हें तीन दिवस के भीतर साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण देने को कहा है। यदि समय पर संतोषजनक जवाब नहीं आया तो उनके खिलाफ भी निलंबन और एफआईआर की कार्रवाई हो सकती है।
शिकायतकर्ता की लंबी लड़ाई – जनपद से जिला तक जांच से असंतुष्ट होकर जिला सीईओ से की शिकायत
इस पूरे भ्रष्टाचार को उजागर करने वाले शिकायतकर्ता वर्तमान उपसरपंच एवं पूर्व जनपद सदस्य जय चन्द्रा हैं। जय चन्द्रा ने बताया कि उन्होंने पहले इसकी शिकायत जनपद पंचायत जैजैपुर में की थी। लेकिन जनपद स्तर की जांच में लीपापोती कर दी गई।
जनपद की जांच से असंतुष्ट होकर उन्होंने पूरे दस्तावेजों के साथ जिला पंचायत सीईओ आईएएस वासु जैन से मिलकर शिकायत की। सीईओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला स्तर से निष्पक्ष जांच कराई, जिसमें 16.76 लाख की अनियमितता का खुलासा हुआ।
सक्ती जिले में हड़कंप – भ्रष्ट सचिवों में मचा डर
सक्ती जिले के नवगठित होने के बाद यह भ्रष्टाचार के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। इस कार्रवाई के बाद पूरे जैजैपुर जनपद सहित सक्ती, मालखरौदा, डभरा और सक्ती जनपद के पंचायत सचिवों और रोजगार सहायकों में हड़कंप मच गया है।
ग्रामीणों ने जिला सीईओ वासु जैन की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए मांग की है कि दोषियों से पूरी राशि की वसूली की जाए और ग्राम पंचायत सलनी के सभी कार्यों की भौतिक सत्यापन कराया जाए।
