छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 6 जिलों के कलेक्टर बदले, 23 IAS अधिकारियों का तबादला, सोनमणि बोरा बने नगरीय प्रशासन के प्रमुख सचिव
छत्तीसगढ़ में 23 IAS अधिकारियों का तबादला। गरियाबंद, कांकेर, मुंगेली, सक्ती, कबीरधाम, मोहला-मानपुर के कलेक्टर बदले। देखें पूरी लिस्ट ESTB-2396/2026-GAD-2

छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 6 जिलों के कलेक्टर बदले, 23 IAS अधिकारियों का तबादला, सोनमणि बोरा बने नगरीय प्रशासन के प्रमुख सचिव

नवा रायपुर, 18 अगस्त 2026: छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रदेश में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा आज जारी आदेश क्रमांक ESTB-2396/2026-GAD-2 के तहत राज्य के 23 IAS अधिकारियों का तबादला किया गया है। इस फेरबदल में गरियाबंद, कांकेर, मुंगेली, सक्ती, कबीरधाम और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी सहित 6 जिलों के कलेक्टर बदल दिए गए हैं।
यह आदेश सचिव रजत कुमार के हस्ताक्षर से तथा उप सचिव अन्वेश घृतलहरे द्वारा डिजिटल हस्ताक्षरित होकर मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से जारी हुआ है। सभी अधिकारियों को अस्थाई रूप से आगामी आदेश पर्यन्त नवीन पद पर पदस्थ किया गया है।
प्रमुख सचिव स्तर पर बड़ा बदलाव
शासन ने 1999 बैच के वरिष्ठ IAS श्री सोनमणि बोरा जो अभी तक प्रमुख सचिव आदिम जाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग थे, उन्हें अब प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग बनाया गया है। उनके पास विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव का अतिरिक्त प्रभार यथावत रहेगा।
वहीं नगरीय प्रशासन की सचिव सुश्री आर. संगीता (IAS 2005) को सचिव, मंत्रालय के पद पर भेजा गया है।
योजना एवं आर्थिक सांख्यिकी विभाग के सचिव श्री भुवनेश यादव (IAS 2006) को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ आदिम जाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
6 जिलों में नए कलेक्टरों की पदस्थापना
श्री रणबीर शर्मा (IAS 2012) संचालक समाज कल्याण से – कलेक्टर, गरियाबंद
श्री कुंदन कुमार (IAS 2014) कलेक्टर मुंगेली से – कलेक्टर, कांकेर
श्री अमृत विकास तोपनो (IAS 2014) कलेक्टर सक्ती से – कलेक्टर, मुंगेली
श्रीमती जयश्री जैन (IAS 2016) संयुक्त सचिव वन विभाग से – कलेक्टर, सक्ती
श्रीमती तुलिका प्रजापति (IAS 2016) कलेक्टर मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी से – कलेक्टर, कबीरधाम
सुश्री तनुजा सलाम (IAS 2019) संचालक खेल एवं युवा कल्याण से – कलेक्टर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी
इसके साथ ही श्री भगवान सिंह उइके (IAS 2016) कलेक्टर गरियाबंद से संयुक्त सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग, श्री गोपाल वर्मा (IAS 2016) कलेक्टर कबीरधाम से संयुक्त सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग और श्री नीलेशकुमार महादेव क्षीरसागर (IAS 2011) कलेक्टर कांकेर से संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास बनाए गए हैं।
निगम-मंडलों और संचालनालयों में फेरबदल
श्री भोसकर विलास संदिपान (IAS 2011) अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को प्रबंध संचालक, नागरिक आपूर्ति निगम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली से इसकी सहमति ली गई है। इनके ज्वाइन करने पर सुश्री इफ्फत आरा (IAS 2012) इस अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगी।
श्री रिमिजियुस एक्का (IAS 2011) संचालक नगरीय प्रशासन से विशेष सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा मिशन संचालक, जल-जीवन मिशन बने हैं। इनके आने पर मो. कैसर अब्दुलहक (IAS 2007) मिशन संचालक के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगे।
श्री जगदीश सोनकर (IAS 2013) प्रबंध संचालक अंत्यावसायी निगम से विशेष सचिव, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण बने हैं।
श्रीमती हिना अनिमेष नेताम (IAS 2016) को संचालक आदिम जाति अनुसंधान संस्थान के साथ प्रबंध संचालक, अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम का अतिरिक्त प्रभार मिला है।
श्री गजेन्द्र सिंह ठाकुर (IAS 2019) उप सचिव राजस्व को संचालक, समाज कल्याण का अतिरिक्त प्रभार।
श्री सौमिल रंजन चौबे (IAS 2021) उप सचिव कृषि से प्रबंध संचालक, पर्यटन मंडल बनाए गए हैं। शासन ने इस पद को IAS के वरिष्ठ वेतनमान के समकक्ष घोषित किया है।
श्री विवेक आचार्य (IFS 2006) प्रबंध संचालक पर्यटन मंडल की सेवाएं वापस उनके पैतृक वन विभाग को लौटा दी गई हैं।
युवा अधिकारियों को नई जिम्मेदारी
सुश्री रोमा श्रीवास्तव (IAS 2020) उप सचिव मंत्रालय से CEO जिला पंचायत, सरगुजा, सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो (IAS 2020) CEO जिला पंचायत नारायणपुर से उप सचिव वाणिज्य एवं उद्योग तथा संचालक खेल एवं युवा कल्याण का अतिरिक्त प्रभार, सुश्री लीना कोसम (IAS 2020) परीक्षा नियंत्रक PSC से आयुक्त, नगर पालिक निगम, दुर्ग और श्री बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई (IAS 2021) अपर कलेक्टर नारायणपुर से अपर कलेक्टर, बिलासपुर पदस्थ किए गए हैं।